बाल विवाह के खिलाफ विद्यार्थियों ने बुलंद की आवाज, चित्रकला और नारों के जरिए दिया जागरूकता का संदेश

img 20261123 wa0235

दशरंगपुर के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प

मुंगेली। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायत दशरंगपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चित्रकला, निबंध लेखन एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने बाल विवाह के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और समाज को जागरूकता का संदेश दिया।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के पार्टनर कृषक सहयोग संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से चित्रों, निबंधों और प्रभावशाली नारों के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों को सामने रखा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री बंजारे ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और शिक्षा को अपने जीवन की प्राथमिकता बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथा को रोकना बेहद जरूरी है।

वहीं, कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक श्री ललित सिन्हा ने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए बताया कि भारत में विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही जानकारी दी कि बाल विवाह की सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सरपंच अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है। बाल विवाह कराने या उसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के तहत दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे और न ही अपने गांव अथवा आसपास बाल विवाह होने देंगे। इसके साथ ही अपने गांव और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने तथा इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्री रतन कश्यप एवं श्री सियाराम कश्यप सहित विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संदेश साफ है—बचपन को विवाह के बंधन में नहीं, बल्कि शिक्षा और सपनों की उड़ान में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *