मंथन सभाकक्ष में महापौर, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज के लोगों ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन; बिरसा मुंडा के साहस, स्वाभिमान और ‘उलगुलान’ के संघर्ष को किया याद
बिलासपुर, 15 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिलासपुर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला कार्यालय स्थित मंथन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आदिवासी समाज के लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उनके साहस, स्वाभिमान और अंग्रेजी शासन के शोषण के विरुद्ध किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित जनप्रतिनिधि एवं आदिवासी समाज के सदस्य मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा- भगवान बिरसा मुंडा का जीवन पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूरे देश का गौरव जुड़ा हुआ है। उनका जीवन और संघर्ष प्रत्येक देशवासी को प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस अब देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाते हुए आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज के सफल उद्यमियों से संवाद भी किया और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियां सुनकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में गरीबी उन्मूलन के लिए किए गए प्रयासों से आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के परिवारों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका है।
उन्होंने नक्सलवाद की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक दंश आदिवासी समाज ने झेला है। नक्सलवाद से मुक्ति मिलने पर जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होगी। प्रधानमंत्री ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि योजनाओं का लाभ तेजी से पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाए और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
बिरसा मुंडा का ‘उलगुलान’ आज भी जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास नहीं, बल्कि साहस, सामाजिक चेतना और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष की अमिट मिसाल है। अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ जनजातीय समाज के स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बना।
उनका जीवन समाज को एकजुट रहने, अपनी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करने तथा अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने का संदेश देता है। प्रकृति संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनजातीय पहचान से जुड़े उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनकी विरासत नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देती है।
सहायक आयुक्त ने जताया आभार

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री संजय चंदेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आदिवासी समाज के सदस्यों एवं अन्य प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, आदिवासी समाज के अधिकारों और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के महत्व को याद किया गया।


Founder & Chief Editor, Khabar36garh
Mobile no. +917723899232
.
.
📍 BILASPUR: छत्तीसगढ़👩💻 पेशेवर सफ़र:
Khabar36garh के स्थापना से ही पहले दिन से जुड़ी
15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, ग्रामीण और शहरी खबरों का गहन कवरेज
महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और संस्कृति जैसे विषयों में विशेष लेखन
🖋️ नेतृत्व दृष्टिकोण:
बेबाक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता
टीम बिल्डिंग और मेटाडाटा रिपोर्टिंग
पाठकों और समाज के बीच पुल बनाने में अग्रणी
📢 विज्ञापन दें — Khabar36garh के साथ!
✅ अपने ब्रांड, सेवा या उत्पाद को छत्तीसगढ़ के हर कोने तक पहुँचाएं।
✅ विश्वसनीयता, व्यापक कवरेज और सटीक टार्गेटिंग के साथ प्रचार करें।—🔗 संपर्क करें अभी:📧 ईमेल: info@khabar36garh.co.in
📱 मोबाइल / WhatsApp (विज्ञापन हेतु):
🎯 📞 +91-77238-99232 (Direct Ad Enquiry) 🔥
🕒 24×7 उपलब्धता | Fast Response
📱 फेसबुक / ट्विटर: @MaltiKurrey—📌 “बात सिर्फ ख़बर की नहीं, आपके ब्रांड की भी है!”
🎯 Khabar36garh — भरोसेमंद मीडिया, प्रभावी प्रचार।

