SECL के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 230 प्रतिनिधियों ने श्रमिक समस्याओं पर किया मंथन, मांगें पूरी नहीं होने पर SECL मुख्यालय बिलासपुर में आंदोलन की चेतावनी
सोहागपुर/कोरबा। हिन्द मजदूर सभा (HMS) से संबद्ध श्रमिक संगठन कोयला मजदूर पंचायत का साधारण सभा सम्मेलन 11 नवंबर 2026 को सोहागपुर क्षेत्र स्थित स्टाफ जिम क्लब में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 230 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक चुनाव के साथ श्रमिकों की समस्याओं, औद्योगिक परिस्थितियों और भविष्य की आंदोलनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से रेशमलाल यादव को केंद्रीय अध्यक्ष तथा विनय सिंह को केंद्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आगामी दिनों में केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन के लिए अधिकृत किया गया।
श्रमिकों के अधिकारों और मांगों को लेकर उठी आवाज
सम्मेलन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा नए श्रम कानूनों के तहत गठित राष्ट्रीय बोर्डों में INTUC, AITUC और CITU को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी केंद्रीय श्रमिक संगठनों को समानुपातिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
SECL की खदानों में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों को पूरा ओवरटाइम भुगतान नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महिला श्रमिकों को संडे ड्यूटी से वंचित रखने तथा लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों को इस व्यवस्था से बाहर रखने पर संगठन ने आपत्ति जताते हुए इसे भेदभावपूर्ण बताया।
पदोन्नति और वेतन विसंगतियों पर प्रबंधन को घेरा
प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पदोन्नति प्रक्रिया के नाम पर हजारों कर्मचारियों को हालपैक ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, E&M हेल्पर, ऑक्जिलरी कैडर के फोरमैन और लिपिक संवर्ग में पदोन्नति सहित अतिरिक्त इंक्रीमेंट के लाभ से वंचित रखा जा रहा है।
वहीं, लंबे समय से कार्यरत डिप्लोमा एवं डिग्रीधारी माइनिंग सरदारों के सामने जूनियर ओवरमैन की सीधी भर्ती के कारण उत्पन्न वरिष्ठता संबंधी विसंगति को दूर नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की गई।
ठेका श्रमिकों के शोषण का मुद्दा उठा, मुआवजा भुगतान को बताया संगठन की उपलब्धि
सम्मेलन में ठेका श्रमिकों से 12 से 24 घंटे तक काम लेने तथा उन्हें ओवरटाइम और बोनस का लाभ नहीं दिए जाने की कड़ी आलोचना की गई। संगठन ने ठेका श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान संगठन की ओर से बताया गया कि कोयला मजदूर पंचायत की शिकायत और दबाव के बाद मिनसोल कंपनी को एक चोटिल ठेका श्रमिक के पक्ष में 31 अक्टूबर 2026 को 3 लाख 74 हजार 364 रुपये का मुआवजा भुगतान करना पड़ा। इसे संगठन के संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
बीमार कर्मचारियों के स्थानांतरण और खदानों की बदहाल सुविधाओं पर चिंता
सम्मेलन में कैंसर पीड़ितों, गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों और सेवानिवृत्ति का नोटिस प्राप्त कर चुके कर्मियों को गेवरा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जाने का विरोध किया गया। संगठन ने इसे कोल इंडिया लिमिटेड की नीतियों के विपरीत बताते हुए ऐसे स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग की।
इसके अलावा खदानों में भीषण गर्मी, कोयले की धूल, स्वच्छ पेयजल की कमी और सिविल कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया।
कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित, SECL मुख्यालय में आंदोलन की चेतावनी
सम्मेलन में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, बोनस के पात्र ठेका श्रमिकों की सूची सार्वजनिक करने, खान दुर्घटनाओं की नियमानुसार पारदर्शी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा नियम विरुद्ध किए गए स्थानांतरण निरस्त करने की मांग शामिल रही।
संगठन ने निर्णय लिया कि इन सभी समस्याओं को लेकर शीघ्र ही SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को विस्तृत मांग पत्र सौंपा जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि प्रबंधन द्वारा समय रहते मांगों का ठोस निराकरण नहीं किया गया, तो बिलासपुर स्थित SECL मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इन पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने किया संबोधित
सम्मेलन को नवनिर्वाचित केंद्रीय अध्यक्ष रेशमलाल यादव, केंद्रीय महासचिव विनय सिंह सहित कमलेश सिंह, अमलेंदु विश्वास, सुनील पाण्डेय, हंसराज तंवर, गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, एससी मंसूरी, शिवनारायण मिश्रा और अख्तर जावेद उस्मानी ने संबोधित किया।
पूरे सम्मेलन के दौरान हिन्द मजदूर सभा जिंदाबाद और हरभजन सिंह सिद्धू जिंदाबाद के नारों से सभागार गूंजता रहा। सम्मेलन का समापन श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Founder & Chief Editor, Khabar36garh
Mobile no. +917723899232
.
.
📍 BILASPUR: छत्तीसगढ़👩💻 पेशेवर सफ़र:
Khabar36garh के स्थापना से ही पहले दिन से जुड़ी
15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, ग्रामीण और शहरी खबरों का गहन कवरेज
महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और संस्कृति जैसे विषयों में विशेष लेखन
🖋️ नेतृत्व दृष्टिकोण:
बेबाक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता
टीम बिल्डिंग और मेटाडाटा रिपोर्टिंग
पाठकों और समाज के बीच पुल बनाने में अग्रणी
📢 विज्ञापन दें — Khabar36garh के साथ!
✅ अपने ब्रांड, सेवा या उत्पाद को छत्तीसगढ़ के हर कोने तक पहुँचाएं।
✅ विश्वसनीयता, व्यापक कवरेज और सटीक टार्गेटिंग के साथ प्रचार करें।—🔗 संपर्क करें अभी:📧 ईमेल: info@khabar36garh.co.in
📱 मोबाइल / WhatsApp (विज्ञापन हेतु):
🎯 📞 +91-77238-99232 (Direct Ad Enquiry) 🔥
🕒 24×7 उपलब्धता | Fast Response
📱 फेसबुक / ट्विटर: @MaltiKurrey—📌 “बात सिर्फ ख़बर की नहीं, आपके ब्रांड की भी है!”
🎯 Khabar36garh — भरोसेमंद मीडिया, प्रभावी प्रचार।

