जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रबंध समिति से 24 घंटे में मांगा कार्रवाई का प्रतिवेदन

बिलासपुर, 5 अक्टूबर 2026। कोटा विकासखंड के अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला, बेहरामुड़ा में पदस्थ सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज के विरुद्ध गंभीर अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

whatsapp image 2026 10 04 at 5.05.55 pm

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्राप्त शिकायतों, प्रारंभिक जांच प्रतिवेदनों और वायरल वीडियो के आधार पर 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शिक्षक द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में विद्यालय परिसर में अभद्र एवं अमर्यादित आचरण किए जाने की पुष्टि हुई है।

शासकीय हाई स्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य तथा संकुल शैक्षणिक समन्वयक द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों में शिक्षक द्वारा प्रधानमंत्री के संबंध में भी आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने का उल्लेख किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी के पत्र में उक्त आचरण को शिक्षक की गरिमा एवं शासकीय आचरण के विपरीत बताते हुए शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला बताया गया है। चूंकि विद्यालय का प्रबंधन विद्यालय प्रबंध समिति के अधीन है, इसलिए समिति को अनुदान प्राप्त संस्थाओं से संबंधित नियमों एवं शासकीय प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर समस्त वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति की जवाबदारी निर्धारित की गई है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *