SECL प्रबंधन के आश्वासन पर हरदीबाजार भू-विस्थापितों ने 5 अक्टूबर का घेराव टाला

16 अक्टूबर को CMD कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी आंदोलन की चेतावनी

हरदीबाजार/कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार के भू-विस्थापितों एवं प्रभावित ग्रामीणों की लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। SECL प्रबंधन के लिखित अनुरोध और सकारात्मक रुख को देखते हुए ग्राम पंचायत हरदीबाजार ने 5 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित CMD कार्यालय के घेराव एवं तालाबंदी आंदोलन को स्थगित कर 16 अक्टूबर 2026 की नई तारीख निर्धारित की है।

भू-विस्थापितों की ओर से उचित मुआवजा, रोजगार, पुनर्वास सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्राम पंचायत हरदीबाजार ने 28 सितंबर 2026 को आंदोलन की पूर्व सूचना SECL प्रबंधन को दी थी।

प्रबंधन ने मांगा अतिरिक्त समय

मामले में SECL दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से पत्र क्रमांक 213, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 जारी किया गया। पत्र के माध्यम से बताया गया कि उच्चाधिकारियों के साथ हुई चर्चा में भू-विस्थापितों की मांगों पर नियमानुसार आंशिक सहमति बनी है। अंतिम निर्णय एवं पूर्ण सहमति के लिए प्रबंधन ने अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया।

प्रबंधन के इस अनुरोध को देखते हुए ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने 15 अक्टूबर तक का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है।

whatsapp image 2026 10 04 at 12.54.18 pm

15 अक्टूबर तक समाधान नहीं तो 16 अक्टूबर से आंदोलन

ग्राम पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि 15 अक्टूबर 2026 तक भू-विस्थापितों की लंबित मांगों पर ठोस, लिखित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 16 अक्टूबर को बिलासपुर स्थित SECL CMD कार्यालय के मुख्य द्वार पर आंदोलन किया जाएगा।

whatsapp image 2026 10 04 at 12.54.18 pm (1)

घोषणा के अनुसार, कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में भू-विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीण बड़ी संख्या में प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अनिश्चितकालीन तालाबंदी एवं आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

ग्राम पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि निर्धारित समयावधि में SECL प्रबंधन भू-विस्थापितों की मांगों का न्यायपूर्ण एवं स्थायी समाधान करेगा। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *