img 20260924 wa0267

बिलासपुर स्मार्ट सिटी के हर प्रोजेक्ट की बनेगी SOP, संचालन से राजस्व सृजन तक तैयार होगा रोडमैप

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। बिलासपुर स्मार्ट सिटी के तहत तैयार की गई परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव को और अधिक व्यवस्थित किया जाएगा। प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार कर उसके बेहतर इस्तेमाल, दीर्घकालिक उपयोगिता और संचालन की स्पष्ट कार्ययोजना बनाई जाएगी। साथ ही नागरिकों के लिए परियोजनाओं का उपयोग बढ़ाने और उनसे राजस्व सृजन की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया जाएगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 20वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, उनके संचालन, रखरखाव और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

PPP मॉडल की संभावनाएं तलाशने के निर्देश

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने अधिकारियों को स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के बेहतर और दीर्घकालिक संचालन के लिए स्पष्ट SOP तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का उपयोग केवल निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि उनका अधिकतम लाभ नागरिकों को मिले और आवश्यकता के अनुसार PPP (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल की संभावनाएं भी तलाश की जाएं।

बैठक में परियोजनाओं से राजस्व सृजन के संभावित माध्यमों पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर फोकस

श्री बोरा ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के संचालन के लिए मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से अधिक लोगों को जोड़ने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और व्यावहारिक कार्य अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक परियोजना में किस अधिकारी या कर्मचारी की क्या जिम्मेदारी होगी, इसे स्पष्ट रूप से निर्धारित किया जाए, ताकि संचालन व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

एजुकेशन हब और जल संबंधी कार्यों पर भी चर्चा

बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उपलब्ध बीएससीएल (BSCL) निधि से प्रस्तावित कार्य को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। इसके अलावा जल संबंधी कार्यों को लेकर भी अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।

वर्चुअली जुड़े अधिकारी

मंत्रालय से वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर और सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल शामिल हुए।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर, CHiPS के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मयंक अग्रवाल, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि श्री सुजीत कुमार, बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह, बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित संचालक मंडल के अन्य सदस्य एवं अधिकारी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *