छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तीन नव नियुक्त न्यायाधीशों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

img 20260910 221415

बिलासपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में तीन नव नियुक्त न्यायाधीशों ने आज पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की उपस्थिति में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

मुख्य न्यायाधीश ने नव नियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री संतोष शर्मा, न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत तथा न्यायमूर्ति श्री सुबीर कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल द्वारा नव नियुक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना का वाचन किया गया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने तीनों न्यायाधीशों को शपथ दिलाई। समारोह में महाधिवक्ता सहित अन्य विशिष्ट अधिवक्ताओं ने नव नियुक्त न्यायाधीशों को शुभकामनाएं दीं और उनके न्यायिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान तथा उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

न्यायमूर्ति संतोष शर्मा का न्यायिक अनुभव

नव नियुक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री संतोष शर्मा ने 19 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बिलासपुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, रायपुर एवं सूरजपुर सहित विभिन्न स्थानों पर न्यायिक पदों पर सेवाएं दी हैं। वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) एवं रजिस्ट्रार (स्थापना) सहित महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति से पूर्व वे कोरबा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।

न्यायमूर्ति सुषमा सावंत का लंबा न्यायिक अनुभव

न्यायमूर्ति श्रीमती सुषमा सावंत ने 15 अप्रैल 1994 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 से लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वे बिलासपुर फैमिली कोर्ट की प्रधान न्यायाधीश तथा छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य के विधि एवं विधायी कार्य विभाग, रायपुर में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है।

न्यायमूर्ति सुबीर कुमार का भी व्यापक अनुभव

न्यायमूर्ति श्री सुबीर कुमार ने 13 मार्च 2009 को न्यायिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बिलासपुर, जगदलपुर, कोरबा, महासमुंद, दंतेवाड़ा, धमतरी एवं दुर्ग सहित विभिन्न स्थानों पर न्यायिक सेवाएं दी हैं। वे छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी में अतिरिक्त निदेशक, उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) एवं रजिस्ट्रार जनरल तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में विधिक सलाहकार जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी दायित्व निभा चुके हैं।

हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 13 हुई

तीनों नव नियुक्त न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के साथ ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारी-कर्मचारी, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी, प्रमुख सचिव छत्तीसगढ़ राज्य विधि एवं विधायी कार्य विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी सहित नव नियुक्त न्यायाधीशों के परिजन एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *