भारी बारिश को लेकर मुंगेली कलेक्टर अलर्ट, आपदा पूर्व तैयारियों के दिए निर्देश

भारी बारिश को लेकर मुंगेली कलेक्टर अलर्ट, आपदा पूर्व तैयारियों के दिए निर्देश

खुड़िया बांध की हर घंटे होगी निगरानी, जलमग्न पुल और रपटों पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित

मुंगेली, 02 सितंबर 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने सभी विभागों को व्यापक सुरक्षा एवं आपदा पूर्व तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़, मनियारी एवं शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी (खुड़िया) जलाशय में भारी जल आवक और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसी परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

खुड़िया बांध की हर घंटे होगी निगरानी

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को राजीव गांधी (खुड़िया) जलाशय के जलस्तर की हर घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के गांवों को कम से कम तीन घंटे पूर्व सूचना दिए बिना और जिला दण्डाधिकारी की लिखित अनुमति के बिना मनियारी नदी में आपातकालीन जल डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा।

पुलिस एवं यातायात पुलिस को सभी रपटों और कॉजवे पर मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा जीरो क्रॉसिंग नीति का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्थिति में जलमग्न पुल, रपट या सड़क से वाहनों और पैदल यात्रियों को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।

स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-वेनम, क्लोरीन टैबलेट और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रैपिड रिस्पांस मेडिकल टीमों और एंबुलेंस सेवाओं को 24 घंटे स्टैंडबाय रखने को कहा गया है।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें। आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण लेने से बचें। नदी, बांध, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से भी परहेज करें।

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी को जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने, टूटे तार एवं गिरे हुए विद्युत पोलों की तत्काल मरम्मत तथा अस्पतालों और नियंत्रण कक्षों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पशुधन और जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा पर भी जोर

पशुधन विकास विभाग को नदी किनारे के क्षेत्रों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों एवं गौठानों में पहुंचाने तथा चारा और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जर्जर भवनों और पुलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *