बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज से आगाज, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू करेंगे शुभारंभ

बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज से आगाज, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू करेंगे शुभारंभ

बिलासपुर। बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 6 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। राज्यभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वॉटर पोलो की विभिन्न आयु वर्गों में स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

पुलिस ग्राउंड में होगा उद्घाटन

प्रतियोगिता का शुभारंभ 3 सितंबर को सुबह 11 बजे बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू होंगे।

समारोह में तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक श्री दिलीप लहरिया, कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय तथा ऊर्जा विकास अभिकरण निगम रायपुर के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

तीन खेलों में होगी प्रतियोगिता

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत बेसबॉल में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। वहीं तैराकी में भी 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच मुकाबले होंगे। इसके अलावा 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग में वॉटर पोलो की स्पर्धा आयोजित की जाएगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे स्कूली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान दिलाना है।

प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला प्रशासन बिलासपुर के सहयोग से किया जा रहा है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *