बिलासपुर में शांति मार्च आज, नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा मार्च

बिलासपुर में शांति मार्च आज, नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा मार्च

शांति समिति की बैठक में लिया गया निर्णय, सभी समाज एवं समुदायों से शामिल होने की अपील

बिलासपुर, 2 सितंबर 2026। बिलासपुर में हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाज एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 सितंबर को बिलासपुर में शांति मार्च निकाला जाएगा। शांति मार्च अपराह्न 4 बजे नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक में समाप्त होगा। शांति समिति ने सभी समाज एवं समुदायों के नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है।

अफवाहों से बचने कलेक्टर की अपील

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संयम बनाए रखे और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने में सहयोग करे।

उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने तथा उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है।

एसएसपी बोले—शहर में स्थिति सामान्य

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।

एसएसपी ने कहा कि आगामी दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है और शहर में विभिन्न आयोजन होंगे। इन आयोजनों के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन में नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाए।

विवाद की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को दें सूचना

एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे से ही शहर की शांति को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है।

शांति समिति ने दिया सहयोग का भरोसा

बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी श्री पंकज पटेल, एसडीएम श्री मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य अपील:
3 सितंबर | शाम 4 बजे | नेहरू चौक से गांधी चौक | शांति मार्च

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *