बिलासपुर की गंगा-जमुनी परंपरा को बनाए रखें, आपसी रंजिश को समुदाय से न जोड़ें : प्रवीण झा

बिलासपुर की गंगा-जमुनी परंपरा को बनाए रखें, आपसी रंजिश को समुदाय से न जोड़ें : प्रवीण झा

गोल बाजार की घटना पर समाजसेवी प्रवीण झा की शहरवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील

बिलासपुर। गोल बाजार क्षेत्र में हुई घटना को लेकर शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रवीण झा ने बिलासपुरवासियों से शांति, संयम और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश से जुड़े व्यक्तिगत विवाद का प्रतीत होता है। ऐसे विवाद को किसी समाज, वर्ग या समुदाय से जोड़ना उचित नहीं है।

प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपरा के रूप में रही है। अलग-अलग समाज और समुदाय के लोग वर्षों से यहां मिल-जुलकर रहते आए हैं। तीज-त्योहार, धार्मिक आयोजन और सामाजिक कार्यक्रमों में एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना शहर की खूबसूरत परंपरा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी एक विवाद के कारण समाज के बीच वर्षों से कायम मजबूत रिश्तों में दरार नहीं आनी चाहिए। व्यक्ति का विवाद व्यक्ति तक सीमित रहना चाहिए, उसे पूरे समाज या समुदाय का विवाद नहीं बनाया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गलती के लिए पूरे समुदाय को जिम्मेदार ठहराना न तो न्यायसंगत है और न ही शहर के हित में।

अफवाहों से बचने की अपील

प्रवीण झा ने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वीडियो, फोटो या भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में अपुष्ट जानकारी माहौल को बिगाड़ सकती है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

उन्होंने प्रशासन से गोल बाजार की घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और शहरवासी संयम बनाए रखें।

प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी नागरिकों को मिलकर शहर की शांति, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करना चाहिए।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *