लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति, 15 दिनों में ज्वाइनिंग के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति, 15 दिनों में ज्वाइनिंग के निर्देश

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इनमें 101 उप अभियंता (सिविल) तथा 10 उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) शामिल हैं। प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा नियुक्ति आदेश के साथ ही चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

नियुक्ति पाने वाले सभी अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर संबंधित पदस्थापना कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ज्वाइनिंग देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट के स्थगन के कारण लंबित थी नियुक्ति प्रक्रिया

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में उप अभियंता (सिविल) के 118 पदों तथा उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के 10 पदों पर भर्ती के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा अप्रैल 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।

परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद जुलाई 2025 में व्यापम की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण और पदस्थापना विकल्प के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई थी। हालांकि, उच्चतम न्यायालय में दायर प्रकरण में स्थगन के चलते नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

उच्चतम न्यायालय द्वारा 20 अगस्त 2026 को प्रकरण का निराकरण किए जाने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने तेजी से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद 22 अगस्त को प्रथम चरण की अनुशंसित चयन सूची के आधार पर 101 सिविल तथा 10 विद्युत/यांत्रिकी उप अभियंताओं के पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए।

जल जीवन मिशन के कार्यों में आएगी तेजी

उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव ने एक साथ बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि युवा इंजीनियरों की विभाग में नियुक्ति से विभागीय कार्यों, विशेषकर जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय से प्रकरण का निराकरण होते ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। इन युवा इंजीनियरों की ऊर्जा और तकनीकी दक्षता का लाभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिलेगा।

ज्वाइनिंग के समय इन दस्तावेजों की मूल प्रति जरूरी

विभाग ने चयनित उप अभियंताओं को पदस्थापना कार्यालय में उपस्थित होते समय आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

अभ्यर्थियों को निम्न दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित होना होगा:

  • शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र
  • स्थायी जाति प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • सक्षम मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
  • अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र
  • मूल तकनीकी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र
  • कक्षा 10वीं की अंकसूची, जिसमें जन्मतिथि अंकित हो
  • अथवा मूल जन्म प्रमाण पत्र

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में पदस्थापना कार्यालय में उपस्थित नहीं होने वाले चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

मुख्य बिंदु: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 111 युवा उप अभियंताओं की नियुक्ति से जल जीवन मिशन सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *