बिलासपुर में बिना हेलमेट वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सघन कार्रवाई, सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर विशेष चेकिंग

बिलासपुर में बिना हेलमेट वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सघन कार्रवाई, सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर विशेष चेकिंग

बिलासपुर, 21 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले के प्रमुख शहरों के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर सघन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस के टैंगो तथा अतिरिक्त पुलिस बल की टीमों को तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया और हेलमेट के महत्व तथा सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर चोट लगने से होने वाली गंभीर घटनाओं के बारे में जानकारी दी।

यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन विक्रेताओं को भी अभियान से जोड़ा। एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर हेलमेट स्टॉल लगाने की व्यवस्था की गई, ताकि जिन वाहन चालकों के पास हेलमेट नहीं है, वे तत्काल हेलमेट खरीद सकें। पुलिस का उद्देश्य वाहन चालकों में हेलमेट को अनिवार्य सुरक्षा कवच के रूप में इस्तेमाल करने की आदत विकसित करना है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में सामने आया कि सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की हिस्सेदारी 61.6 प्रतिशत रही, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने के दौरान हुई मौतों में 66 प्रतिशत मामलों में सिर पर चोट प्रमुख कारण रही। इसी को देखते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और शहरों के आउटर एवं एग्जिट मार्गों पर लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट सहित सभी यातायात सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर यादव, सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार, प्रोबेशनर डीएसपी आकाश चौधरी सहित जिले के थाना प्रभारी, यातायात पुलिस के टैंगो, पेट्रोलिंग, क्रेन एवं कार-बाइक लिफ्टर की टीमों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *