भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाएं दूरदर्शी कार्ययोजना, विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता जरूरी : डिप्टी सीएम साव

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाएं दूरदर्शी कार्ययोजना, विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता जरूरी : डिप्टी सीएम साव

सड़क के बीच बिजली खंभे लगाने के मामले में जांच के निर्देश, चार अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस

मल्हार-रतनपुर के समन्वित विकास के लिए बनेगा मास्टर प्लान, जलभराव के स्थायी समाधान पर जोर

बिलासपुर, 8 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने अधिकारियों को वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

श्री साव आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित अधिकारियों की बैठक में शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सड़क के बीच बिजली खंभे लगाने पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री

बिल्हा क्षेत्र के बरतोरी से मोहतरा मार्ग पर सड़क के बीच बिजली के खंभे लगाए जाने के मामले को उप मुख्यमंत्री श्री साव ने गंभीरता से लिया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत सीईओ को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक से अनुपस्थित रहने वाले चार अधिकारियों पर भी प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने बिल्हा, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायत के सीईओ तथा रतनपुर नगरपालिका के सीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जलभराव के स्थायी समाधान की बनेगी कार्ययोजना

श्री साव ने बिलासपुर शहर में पहली बारिश के दौरान सामने आई जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों को अभी से ठोस और स्थायी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे आने वाले वर्षों में शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बारिश के कारण सड़कों पर होने वाले गड्ढों और क्षति की मरम्मत के लिए भी पहले से तैयारी रखने को कहा, ताकि बारिश समाप्त होते ही सड़क सुधार के कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें। उन्होंने निर्माण विभागों की अलग से बैठक लेकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने की बात कही।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए गांव स्तर तक निगरानी

बैठक में मलेरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने गांव स्तर पर लगातार निगरानी रखने और मितानिन स्तर तक आवश्यक एवं मूलभूत दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि कोटा विकासखंड में अब तक मलेरिया के 48 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 6 मरीजों का उपचार जारी है, जबकि अन्य मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। प्रभावित क्षेत्रों में रोटरी क्लब के सहयोग से 1500 मच्छरदानियों का वितरण किया जा रहा है।

पर्याप्त बारिश से फसलों की स्थिति अच्छी

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पर्याप्त बारिश होने के कारण फसलों की स्थिति अच्छी है। बांधों में भी पर्याप्त जलभराव है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। समितियों में वर्तमान में लगभग 300 क्विंटल बीज तथा डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की करीब 10 हजार मीट्रिक टन मात्रा उपलब्ध है।

श्री साव ने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन जरूरी है। उन्होंने गांव-गांव शिविर लगाकर किसानों का पंजीयन कराने और इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन के अभाव में एक भी किसान धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए।

स्थानीय जरूरत के आधार पर स्वीकृत हों विकास कार्य

जिला पंचायत की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वीबी-जी रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत फील्ड की वास्तविक जरूरतों के आधार पर कार्य स्वीकृत किए जाएं।

मुक्तिधाम, शौचालय, स्कूलों की मरम्मत, जल संरक्षण और छोटे बांध सहित स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गांवों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने और पानी बचाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

जल जीवन मिशन की 310 योजनाएं पूरी

जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में संचालित 804 सिंगल विलेज योजनाओं में से 310 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इनमें 219 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।

प्रभारी मंत्री ने योजनाओं के निरंतर संचालन और रखरखाव के लिए जनभागीदारी से जल अर्पण अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने जिले में वाटर रिचार्जिंग के लिए जनभागीदारी से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मल्हार-रतनपुर के समन्वित विकास का बनेगा मास्टर प्लान

ऐतिहासिक नगरी मल्हार और रतनपुर के समन्वित एवं सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों को दोनों ऐतिहासिक स्थलों की विरासत, पर्यटन संभावनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

नगर विकास की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, अधोसंरचना विकास और साफ-सफाई से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बिलासपुर में आईएसडीपी योजना के तहत निर्मित आवासों की आवश्यक मरम्मत कराकर पात्र गरीब परिवारों को जल्द आवंटित करने के निर्देश भी दिए।

जीवनदीप और आयुष समिति की बैठकों में कई प्रस्ताव स्वीकृत

समीक्षा बैठक के बाद जिला अस्पताल की जीवनदीप समिति तथा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की आयुष समिति की बैठक आयोजित की गई। इनमें अस्पताल एवं महाविद्यालय की आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई तथा कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *