जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक: स्वास्थ्य, कृषि, सड़क और विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक: स्वास्थ्य, कृषि, सड़क और विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा

बिलासपुर | 31 जुलाई 2026

जिला पंचायत बिलासपुर की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, 16वें वित्त आयोग तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा ग्राम पंचायतों के निरीक्षण प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग ने जानकारी दी कि जिले में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और किसान स्वयं उपस्थित होकर खाद प्राप्त कर रहे हैं। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र एवं अपात्र किसानों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही युवाओं को कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान 16वें वित्त आयोग की गाइडलाइन की विस्तार से जानकारी दी गई। लोक निर्माण विभाग को भटगांव-बरतोरी सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा झाल-नगपुरा मार्ग का टेंडर जल्द जारी करने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत धूमा-नगचुवा मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने तथा बिटकुली-करवा सड़क निर्माण में दोनों ओर सोल्डर (Shoulder) निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, सभापति अनुसुईया कश्यप, भारती नीरज माली, गोविंद राम यादव, निरंजन सिंह पैकरा सहित जिला पंचायत के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *