SECL दीपका में पेयजल कार्य पर सवाल: मजबूत कंक्रीट टंकियां तोड़कर लगाई जा रहीं सिंटेक्स टंकियां, मलबा गिरने से हादसों का आरोप

SECL दीपका में पेयजल कार्य पर सवाल: मजबूत कंक्रीट टंकियां तोड़कर लगाई जा रहीं सिंटेक्स टंकियां, मलबा गिरने से हादसों का आरोप

दीपका/कोरबा। एसईसीएल (SECL) दीपका क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित बी-टाइप आवासीय परिसर में चल रहे पेयजल सुविधा विस्तार कार्य को लेकर स्थानीय रहवासियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहले से बनी मजबूत कंक्रीट की पानी टंकियों को तोड़कर उनकी जगह कम क्षमता वाली सिंटेक्स टंकियां लगाई जा रही हैं। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने से लोगों की जान-माल को खतरा पैदा हो गया है।

रहवासियों के अनुसार पुरानी कंक्रीट टंकियां मजबूत होने के साथ अधिक जल भंडारण क्षमता रखती थीं। इसके बावजूद उन्हें हटाकर कथित रूप से निम्न गुणवत्ता की सिंटेक्स टंकियां और पाइप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

बिना सुरक्षा व्यवस्था के ऊपर से गिराया जा रहा मलबा

आरोप है कि तीन मंजिला इमारत की छत से कंक्रीट का भारी मलबा सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने के बजाय अस्थायी टीन की चादरों से बने ढांचे के माध्यम से सीधे नीचे गिराया जा रहा है। इससे कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े आसपास बिखर रहे हैं और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

रहवासियों का दावा – मकानों और वाहनों को नुकसान

स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबा गिरने से कुछ लोगों को चोटें आई हैं, वहीं कई मकानों के हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। परिसर में खड़े दोपहिया और अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है। इससे बी-टाइप आवासीय परिसर के रहवासियों में भय का माहौल है।

SECL प्रबंधन से जांच और कार्रवाई की मांग

रहवासियों ने एसईसीएल प्रबंधन से मांग की है कि कार्यस्थल पर तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, उपयोग की जा रही सामग्री की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

नोट: यह खबर स्थानीय रहवासियों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनकी मांगों पर आधारित है। एसईसीएल प्रबंधन या संबंधित ठेकेदार का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *