मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि, कहा— उनका शौर्य राष्ट्र की अमूल्य धरोहर

रायपुर, 25 जून। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के केनाल लिंकिंग रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है तथा उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का शौर्य और त्याग आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास, विरासत और महापुरुषों को सम्मानपूर्वक याद रखता है, उसका भविष्य सदैव उज्ज्वल होता है।
उन्होंने रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मुगल सेना के सामने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया और अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए मातृभूमि तथा स्वाभिमान की रक्षा के लिए वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और स्वाभिमान के अप्रतिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है। विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और महान विभूतियों के योगदान को संरक्षित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने रानी दुर्गावती के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर महापौर मीनल चौबे, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *