जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

स्कूल के जर्जर किचन, हैंडपंप पर कब्जा, पीएम आवास व किसान सम्मान निधि, बिजली संकट और जमीन विवाद सहित कई मामलों में पहुंचे फरियादी

बिलासपुर, 30 जून 2026।
जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने जनदर्शन में आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल और एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे।

स्कूल के जर्जर किचन से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा

तखतपुर विकासखंड के उस्लापुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला घुरु की शाला प्रबंधन समिति ने स्कूल के जर्जर किचन भवन को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति ने बताया कि भवन कभी भी गिर सकता है, जिससे बच्चों की जान को खतरा है। उन्होंने सेंटर किचन के माध्यम से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की मांग की।

30 साल पुराने सार्वजनिक हैंडपंप पर कब्जे का आरोप

मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम दर्राभांठा के ग्रामीण धनसाय पात्रे ने शिकायत की कि गांव के सार्वजनिक हैंडपंप में निजी बोर फिट कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे पूरे मोहल्ले में पेयजल संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीएम आवास की राशि फर्जी तरीके से निकालने की शिकायत

सीपत तहसील के ग्राम कुकुदा निवासी प्रभा बाई साहू ने आरोप लगाया कि उनकी प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि आशा मरकाम नामक महिला ने फर्जी तरीके से निकाल ली। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाई।

किसान को वर्षों से नहीं मिली सम्मान निधि

ग्राम जलसो के 64 वर्षीय किसान अशोक शुक्ला ने बताया कि 3.40 एकड़ कृषि भूमि होने और कई बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की एक भी किस्त नहीं मिली है।

बिजली संकट से जूझ रहा स्कूल

बोदरी तहसील के ग्राम सरवानी के ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ट्रांसफार्मर नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

भूमिहीन किसानों ने लगाई कब्जा हटाने की गुहार

लोफंदी के भूमिहीन किसानों ने आरोप लगाया कि शासन से मिली जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और सीमांकन की कार्रवाई भी लंबित है। किसानों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

आत्मानंद स्कूल में प्रवेश दिलाने की मांग

मोपका निवासी भगवती प्रसाद ने अपनी पुत्री अंशिका का प्रवेश स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, लिंगियाडीह में कराने के लिए आवेदन दिया।

जनदर्शन में आवास, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व और पेयजल सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *