किरंदुल को मिली 7.19 करोड़ की विकास सौगात, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

3.72 करोड़ के नए कार्यों को मंजूरी, अतिरिक्त 2 करोड़ देने की घोषणा; पेयजल, सड़क और स्वच्छता सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस



किरंदुल, 8 जून। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 3 करोड़ 4 लाख 9 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क में बस्तर के प्रसिद्ध ‘टाइगर ब्वॉय’ चेंदरू की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी एवं छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 3 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। साथ ही 15वें वित्त आयोग के तहत खरीदी गई बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन एवं पानी टैंकर नगर पालिका को सौंपे। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
श्री साव ने नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण तथा विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से नगर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड और विद्युत व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये तथा अतिरिक्त सीसी रोड निर्माण के लिए 27 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने नगर पालिका द्वारा प्रस्तुत 3 करोड़ 72 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करते हुए नए कार्यों के लिए अलग से 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल और बचेली तक पेयजल आपूर्ति योजना की संभावनाओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि तकनीकी एवं व्यवहारिक परीक्षण के बाद स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प तेजी से आगे बढ़ रहा है। बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और शहरी अधोसंरचना का विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए श्री साव ने कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा यह नगर प्रदेश के सबसे सुंदर नगरों में से एक है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर किरंदुल को आदर्श एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *