सुशासन तिहार में बेलतरा की जनता ने सुनाई अपनी पीड़ा

पानी, सड़क, खाद, बिजली और किसानों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, जिला प्रशासन को सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन
बिलासपुर/नगोई। प्रदेश सरकार जहां पूरे छत्तीसगढ़ में “सुशासन तिहार” मनाकर सुशासन और विकास के दावे कर रही है, वहीं बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने इन दावों पर सवाल खड़े करते हुए जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। ग्राम नगोई में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पेयजल संकट, खाद-बीज की कमी, खराब सड़कें, बिजली कटौती, स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार की कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं और ग्रामीणों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पानी की टंकियां कई गांवों में आज भी बंद पड़ी हैं, जबकि महिलाएं पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं। किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहा है तथा क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर स्थिति में हैं।
ज्ञापन में बेलतरा विधानसभा के सभी गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति, खूँटाघाट बड़ी एवं छोटी नहर मार्ग का पुनर्निर्माण, किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, बिजली समस्या के स्थायी समाधान, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर एवं दवाइयों की व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा तथा अवैध उत्खनन और अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई सहित 15 प्रमुख मांगें रखी गईं।
कांग्रेस ने बैमा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल से प्रभावित ग्राम खपराखोल के ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग तथा प्रभावित किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि बेलतरा विधानसभा की जनता किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपने बुनियादी अधिकारों की मांग कर रही है। यदि गांवों में पानी नहीं, किसानों को खाद नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं और सड़कों पर विकास नहीं दिखाई देता, तो सुशासन के दावे केवल मंचों तक सीमित रह जाते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जनसमस्याओं के निराकरण के लिए गंभीर पहल नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी और क्षेत्र की जनता व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
“जब गांव की टंकी सूखी हो, किसान खाद के लिए भटक रहा हो, सड़कें गड्ढों में तब्दील हो जाएं और जनता अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने गुहार लगाने मजबूर हो, तब सुशासन के दावों से अधिक जनता का दर्द दिखाई देता है। बेलतरा की जनता उपकार नहीं, अपने अधिकार मांग रही है।” – विजय केशरवानी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी, बेलतरा विधानसभा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *