‘वनवासी’ शब्द के विरोध में सर्व आदिवासी समाज का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेराव कर सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। ‘वनवासी’ शब्द के प्रयोग के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के बैनर तले बिलासपुर में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग एकत्रित हुए। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार जिले भर से लगभग 1000 आदिवासी समाज के सदस्य रैली और प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध दर्ज कराया तथा राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
रैली के दौरान समाज के लोगों ने ‘वनवासी’ शब्द को आदिवासी समुदाय की पहचान और इतिहास के विपरीत बताते हुए इसके प्रयोग पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज की संवैधानिक और ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखा जाना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष श्री लव सिदार के नेतृत्व में प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेंद्र पोर्ते, बब्लू मरकाम, दिलीप ध्रुव, मुकेश मरावी, विजय सिदार, लखेश्वर मरावी, संजय मरावी, दीपक मरकाम, अशोक मरकाम, शुभम मरावी, अमृत ध्रुव, राजू ध्रुव सहित विभिन्न ब्लॉकों के प्रमुख और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि आदिवासी समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए ‘वनवासी’ शब्द के प्रयोग पर पुनर्विचार किया जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के लोगों ने भागीदारी निभाई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *