जनदर्शन बना जनविश्वास का मजबूत मंच, 170 से अधिक आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई

एडीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, दिव्यांग हितग्राहियों को प्रदान की बैशाखी व छड़ी
मुंगेली, 02 जून 2026। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किया जाने वाला जनदर्शन कार्यक्रम आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में मंगलवार को 170 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर ने ग्राम करही की लक्ष्मी रजक को छड़ी तथा ग्राम लगरा निवासी दिव्यांग रितेश सोनकर को बैशाखी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग दिया।
जनदर्शन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि बंटवारा, सीमांकन, हैंडपंप खनन, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीमा योजना, शौचालय निर्माण, नाम संशोधन, जाति प्रमाण पत्र, पेयजल व्यवस्था, एटीएम कार्ड, राशन कार्ड स्थानांतरण, ऋण पुस्तिका निर्माण एवं राजस्व अभिलेख सुधार से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए।
ग्राम चकरभाठा के रामजी साहू ने पेंशन, ग्राम मुड़पार के सुजीत सिंह ठाकुर ने पैतृक भूमि बंटवारे, ग्राम पंडरभट्ठा के द्वारिका प्रसाद ने सीमांकन, ग्राम बिसौनी के रज्जू गोंड़ ने हैंडपंप खनन तथा ग्राम अमोरा के ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
अतिरिक्त कलेक्टर ने सभी आवेदकों को नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *