खाद की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन का शिकंजा, अवैध भंडारण पर गोदाम सील

मल्हार और सेन्दरी में छापेमार कार्रवाई, बड़ी मात्रा में खाद जब्त
खरीफ सीजन के लिए जिले में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध, किसानों से घबराने नहीं की अपील
बिलासपुर, 02 जून 2026। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने सख्त अभियान शुरू किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल द्वारा जिलेभर में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में मल्हार और सेन्दरी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार विकासखंड मस्तूरी के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार की जांच के दौरान यूरिया, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने खाद को जब्त कर लिया है तथा मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं सेन्दरी स्थित मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर में रात के समय की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान छिपाकर रखी गई खाद बरामद की गई। जांच में अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर खाद जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। कृषि विभाग ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
किसानों की सुविधा के लिए समितियां रहेंगी खुली
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी सहकारी समितियों को अवकाश दिवसों सहित शनिवार और रविवार को भी खुला रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
जिले में 46 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ सीजन के लिए जिले को 68 हजार 950 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध अब तक 46 हजार 780 मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण किया जा चुका है। वहीं किसानों को लगभग 19 हजार 913 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण भी किया जा चुका है।
वर्तमान में जिले में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी सहित पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। विभाग के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक 10 हजार 711 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण किया गया है।
किसानों से लाइसेंसधारी विक्रेताओं से खरीदारी की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से केवल पंजीकृत सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने तथा खरीदारी की रसीद सुरक्षित रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता है तथा कमी संबंधी भ्रामक खबरों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
इसके साथ ही किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, हरी खाद और नील हरित काई जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होने के साथ भूमि की उर्वरा शक्ति में वृद्धि हो सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *