खनिज माफियाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

शिवनाथ नदी घाट पर अवैध उत्खनन का खुलासा, पोकलेन मशीनें और हाइवा वाहन जब्त


मुंगेली, 27 मई 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम ठेलकी स्थित शिवनाथ नदी घाट पर औचक दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में लगी 02 चेन माउंटेन (पोकलेन) मशीनों को मौके पर ही सीज किया गया, वहीं अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 01 हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
खनिज अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन करते पाए गए 02 हाइवा वाहनों, बिना वैध दस्तावेज गिट्टी परिवहन कर रहे 02 वाहनों तथा अवैध कोयला परिवहन कर रही 01 गाड़ी को जब्त किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार औचक निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य खनिज संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *