कोयला डिपो में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, मिलावट और अवैध कारोबार पर होगी कड़ी कार्रवाई

बिलासपुर, 25 मई 2026। जिले में संचालित कोयला डिपो में कोयले की गुणवत्ता से छेड़छाड़, अवैध मिलावट, चोरी और तस्करी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी सिलसिले में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के कोल डिपो संचालकों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि एसईसीएल की खदानों से जिस गुणवत्ता का कोयला प्राप्त होता है, वही गुणवत्ता उद्योगों तक पहुंचनी चाहिए। किसी भी प्रकार की मिलावट या निम्न गुणवत्ता के कोयले और शेल को मिलाकर सप्लाई करने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश में 130 से अधिक स्पंज आयरन प्लांट संचालित हैं, जिन्हें एसईसीएल से कोयला उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करना डिपो संचालकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कोयले के भंडारण, परिवहन और सप्लाई का पूरा रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कोयले में मिलावट, अवैध भंडारण या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालकों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई के साथ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि जिले में कोयला डिपो से जुड़े अवैध कारोबार, चोरी और तस्करी की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने सभी डिपो में सीसीटीवी कैमरे लगाने, वाहनों की जीपीएस मॉनिटरिंग करने और आवक-जावक का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। साथ ही डिपो में कार्यरत मैनेजर, मुंशी और कर्मचारियों की जानकारी प्रशासन और पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया।
प्रशासन ने यह भी साफ किया कि खनिज विभाग समय-समय पर कोल डिपो की जांच करेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोयला भंडारण स्थलों पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाए और बारिश के दौरान दूषित पानी नालों व जलस्रोतों में न जाए, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
कोल डिपो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सभी संचालक नियमों का पालन करेंगे और अवैध गतिविधियों की रोकथाम में प्रशासन व पुलिस का सहयोग करेंगे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे, खनि अधिकारी, सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक सहित कोल डिपो संचालक उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *