मुंगेली पुलिस को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अपराध जांच होगी अब और तेज व वैज्ञानिक

डिप्टी सीएम अरुण साव वर्चुअली जुड़े, एसएसपी भोजराम पटेल और एडीएम ने दिखाई हरी झंडी
मुंगेली, 23 मई 2026।
मुंगेली पुलिस को अपराध अनुसंधान में बड़ी तकनीकी मजबूती मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन अब जिले में सेवा देने के लिए तैयार है। करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार इस हाईटेक वैन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित विशेष कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वैन की तकनीकी उपयोगिता और वैज्ञानिक जांच प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एसएसपी भोजराम पटेल, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव वर्चुअली शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अपराध जांच को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाएगी। उन्होंने कहा कि अब घटनास्थल पर ही प्राथमिक जांच और साक्ष्य संकलन तेजी से संभव हो सकेगा।
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि वैन की आधुनिक तकनीकें आपराधिक मामलों के त्वरित निराकरण में मददगार साबित होंगी और मुंगेली पुलिस इसका बेहतर उपयोग करेगी।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित जांच से निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे पुलिस विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में फॉरेंसिक एक्सपर्ट ज्योत्सना लकड़ा ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अधिकारियों को आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, सुरक्षित दस्तावेजीकरण और मौके पर प्राथमिक फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत संबंधी अपील को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव और आईजी रामगोपाल गर्ग ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी हरविंदर सिंह, बार काउंसिल अध्यक्ष राजमन सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता रविंदर सिंह छाबड़ा सहित जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *