भीषण गर्मी और लू का बढ़ता खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

भीषण गर्मी और लू का बढ़ता खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बिलासपुर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति ने नागरिकों के लिए लू से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इन दिनों बिलासपुर का तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू लगने के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी-मितली, सिरदर्द, बेहोशी तथा त्वचा का लाल और सूखा होना शामिल है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को तुरंत छांव या ठंडी जगह पर ले जाकर शरीर को ठंडा करें और पानी या ओआरएस दें। जरूरत पड़ने पर नजदीकी अस्पताल में तत्काल उपचार कराने की सलाह दी गई है।
विभाग ने नागरिकों को दिनभर अधिक मात्रा में पानी, ओआरएस, छाछ और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही तरबूज, खीरा, ककड़ी, मौसमी फल और हरी सब्जियों का अधिक उपयोग करने को कहा गया है। बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंकने तथा हल्के और ढीले कपड़े पहनने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि खाली पेट धूप में न निकलें और चाय, कॉफी तथा अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
जिला स्वास्थ्य समिति ने नागरिकों से गर्मी के मौसम में सतर्क रहते हुए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 87706-64365 और 75870-38622 पर संपर्क किया जा सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *