जनदर्शन में गूंजीं ग्रामीणों और आमजन की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनदर्शन में गूंजीं ग्रामीणों और आमजन की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर, 19 मई 2026। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल और एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत उड़ेला के किसानों ने सामूहिक आवेदन देकर आरोप लगाया कि गांव के जनक राम कौशिक और जगत कौशिक द्वारा सार्वजनिक निस्तारी मार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे लगभग 25 किसानों को खेती-किसानी के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। किसानों ने रास्ता मुक्त कराने की मांग की।
ग्राम चकरभाठा निवासी श्रीमती प्रभा मानिकपुरी ने अपने दिव्यांग पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अस्पताल और संबंधित विभाग में आवश्यक जानकारी दर्ज नहीं होने के कारण प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कपसियाखुर्द की पूर्व सरपंच कमल बाई राजपूत ने पंचायत क्षेत्र में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की लंबित भुगतान राशि जारी कराने की मांग की। वहीं विजयपुर निवासी बहोरिक पाल ने अधिग्रहित भूमि के रिकॉर्ड में सुधार कर सिंचाई विभाग का नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन सौंपा।
जनदर्शन में पहुंची वृद्ध महिला ढयाना बाई ने बताया कि उनके घर में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। शहर के दिव्यांग युवक मुकेश सिंह ठाकुर ने ट्राई सायकल उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग रखी।
इसी तरह ग्राम पंचायत ओखर की सरपंच श्रीमती ललीता लक्ष्मीप्रसाद यादव ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *