नामांतरण प्रकरण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, दो अधिकारी मुख्यालय अटैच

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के बाद जांच, लंबे समय तक लंबित रखा गया था आवेदन
बिलासपुर, 20 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, बिलासपुर में नामांतरण प्रकरण में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को मुख्यालय अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई 17 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर जांच उपरांत की गई।
जारी आदेश के अनुसार, बिलासपुर वृत्त के एक आवास के नामांतरण से संबंधित आवेदन लंबे समय तक लंबित पाया गया। जानकारी में सामने आया कि आवेदक श्री तोरण साहू ने 17 मार्च 2025 को नामांतरण के लिए आवेदन किया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 नवंबर 2025 को संबंधित पत्र जारी कर हस्ताक्षरित भी कर दिया गया था, लेकिन इसे आवेदक तक भेजने के बजाय फाइल में ही लंबित रखा गया।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए कार्यपालन अभियंता एवं प्रभारी संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे तथा वरिष्ठ सहायक/प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक पूनम बंजारे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय नवा रायपुर अटैच कर दिया गया है।
गृह निर्माण मंडल के आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *