मदकू द्वीप में 36वां हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, भक्ति और भजनों से गूंजा द्वीप

मदकू द्वीप में 36वां हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, भक्ति और भजनों से गूंजा द्वीप

सरगांव (मस्तूरी)। मांडूक्य ऋषि की तपस्थली श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में 36वां हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पिछले 35 वर्षों से निरंतर आयोजित इस धार्मिक पर्व में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जिससे पूरा द्वीप क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संत श्री रामरूप दास महात्यागी ने अपने उद्बोधन में हनुमान जी के व्यक्तित्व को आधुनिक प्रबंधन से जोड़ते हुए उन्हें “प्रथम मैनेजमेंट गुरु” बताया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति और भक्ति के प्रतीक नहीं, बल्कि नेतृत्व, समय प्रबंधन, निर्णय क्षमता और संकट समाधान के आदर्श उदाहरण हैं।
उन्होंने रामायण प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि माता सीता की खोज के दौरान हनुमान जी ने लक्ष्य की स्पष्ट समझ, समर्पण और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। अशोक वाटिका की घटनाएं और लंका दहन उनके प्रभावी संवाद और रणनीतिक कौशल को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन से हुई, जिसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके पश्चात बुंदेलखंडी लोक भजन संध्या का आयोजन हुआ। सुप्रसिद्ध कलाकार दीपक द्विवेदी (लहर) और कमला राजपूत (नादान) ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस दौरान शिवनाथ नदी में प्रतिवर्ष होने वाली पारंपरिक नौका दौड़ प्रतियोगिता इस वर्ष जल स्तर कम होने के कारण आयोजित नहीं हो सकी, जिससे श्रद्धालुओं में कुछ निराशा भी देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर सेवा समिति, मदकू द्वारा किया गया। आयोजन में संत श्री रामरूप दास महात्यागी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और आसपास के गांवों से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह आयोजन एक बार फिर मदकू द्वीप की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित करता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *