विश्व क्षय दिवस पर मुंगेली में टीबी मुक्त पंचायत अभियान को मिला जोर, 74 ग्राम पंचायतों का सम्मान

विश्व क्षय दिवस पर मुंगेली में टीबी मुक्त पंचायत अभियान को मिला जोर, 74 ग्राम पंचायतों का सम्मान

मोबाइल टीबी एक्स-रे रथ रवाना, जनभागीदारी से टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य संभव – विधायक पुन्नूलाल मोहले


मुंगेली | 24 मार्च 2026
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर मुंगेली जिले में “प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत जनदर्शन सभाकक्ष में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान टीबी मुक्त घोषित 74 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने जिले में चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक पहल बताया।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने विश्व टीबी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
सीएमएचओ श्रीमती शीला साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में जिले में 11,807 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिसमें 824 टीबी मरीजों की पहचान हुई। इनमें से 97 प्रतिशत मरीजों का सफल उपचार किया गया। साथ ही 804 मरीजों को निक्षय मित्र योजना के तहत पोषण आहार प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि जिले में 1.48 लाख से अधिक उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों का पंजीयन कर उनकी नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है। टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को वर्ष 2025 में “100 दिवसीय अभियान” के प्रथम चरण में राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत वर्ष 2025 में 118 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जबकि इससे पहले 74 पंचायतें इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। चयन स्वास्थ्य मानकों जैसे जांच, उपचार सफलता दर और पोषण योजनाओं के आधार पर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त 74 ग्राम पंचायतों को गांधी जी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडे, नगरपालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष श्री जय प्रकाश मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा एवं एनएचएम के डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने मोबाइल टीबी एक्स-रे रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी 100 दिनों तक गांव-गांव जाकर मरीजों की जांच और उपचार सुनिश्चित करेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *