जनगणना 2027 की तैयारी तेज: मुंगेली में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू, डिजिटल माध्यम से होगा सर्वे

जनगणना 2027 की तैयारी तेज: मुंगेली में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू, डिजिटल माध्यम से होगा सर्वे

मुंगेली | 24 मार्च 2026
आगामी जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए मुंगेली जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जो 25 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, दाउपारा में संपन्न हो रहा है, जिसमें जिले के सभी फील्ड ट्रेनरों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण के आधुनिक तरीके, तकनीकी उपयोग और सर्वेक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। खास बात यह है कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें टैबलेट, मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
जनगणना का पहला चरण 01 मई से 30 मई 2026 के बीच आयोजित होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। इस चरण में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर कुल 33 प्रश्नों के माध्यम से मकानों की स्थिति, निर्माण सामग्री, सुविधाएं (टीवी, इंटरनेट, वाहन आदि) सहित अन्य आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। यह सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और केवल शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उपयोग की जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे सर्वेक्षण कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। वहीं, जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सही और पूर्ण जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *