पीएम राहत योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज

पीएम राहत योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज

गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार पर जोर, कलेक्टर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
मुंगेली। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अब समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम राहत योजना के तहत जिले में कैशलेस इलाज की सुविधा लागू की गई है। योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल में भर्ती कर अधिकतम 7 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर कुन्दन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ितों को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से इस योजना के तहत बिना देरी के घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा चुके हैं। योजना के तहत जिला चिकित्सालय मुंगेली सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी, पथरिया, सरगांव और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगेली के साथ ही कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा जिले के निजी अस्पतालों जैसे क्रिश्चियन हॉस्पिटल, सिद्धार्थ हॉस्पिटल, अवध लाइफ केयर, ए-वन हॉस्पिटल, लाइफ लाइन हॉस्पिटल, पारख मल्टीस्पेशलिटी और यशोदा हॉस्पिटल को भी इस योजना में शामिल किया गया है, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत और बेहतर इलाज मिल सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *