मुंगेली में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन                                     होली से पहले अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा, गैरजमानती प्रकरण दर्ज

मुंगेली में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन                                     होली से पहले अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा, गैरजमानती प्रकरण दर्ज

मुंगेली, 03 मार्च 2026। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुंगेली जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। होली पर्व को देखते हुए संभावित अवैध शराब संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पिछले एक सप्ताह से लगातार छापेमारी की जा रही है। विभाग ने गैरजमानती प्रकरण दर्ज कर अवैध कारोबारियों पर प्रभावी अंकुश लगाया है।
इसी क्रम में आज आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो गंभीर प्रकरण दर्ज किए।
पहले प्रकरण में विकासखंड पथरिया के ग्राम चंदली में निर्मल बंजारे के पास से 16 पाव ड्यूटी पैड मदिरा जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण कायम कर उसे गिरफ्तार किया गया।
दूसरे प्रकरण में ग्राम खैरझिटी निवासी विरेन्द्र बंजारे के कब्जे से 9.500 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ मदिरा बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत गैरजमानती प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गौरतलब है कि 04 मार्च को होली पर्व के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। ऐसे में अवैध शराब के भंडारण एवं विक्रय की आशंका को देखते हुए विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा होली के दिन भी टीम क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी करेगी। अन्य राज्यों की मदिरा के विरुद्ध होटल एवं ढाबों की औचक जांच भी की जा रही है।
यह संयुक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री रवीन्द्र पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। टीम में वृत्त पथरिया की आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती उम्मी रूमा, वृत्त लोरमी के उपनिरीक्षक अमित शाह, वृत्त मुंगेली के उपनिरीक्षक जयसिंह सहित मुख्य आबकारी आरक्षक एवं आरक्षकगण शामिल रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *