जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

राजस्व, पेंशन, आवास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदनों पर समय-सीमा तय, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मुंगेली, 03 मार्च 2026।
जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जिले के विकासखंड मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे।
अपर कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर समस्याओं की वस्तुस्थिति जानी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है और इसमें प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाना चाहिए।
जनदर्शन में राजस्व प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतें, सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में स्वयं मौके पर जाकर जांच करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *