हेडिंग:संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में टीएल बैठक सम्पन्न, गर्मी पूर्व पेयजल और जनगणना तैयारी पर जोर

हेडिंग:संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में टीएल बैठक सम्पन्न, गर्मी पूर्व पेयजल और जनगणना तैयारी पर जोर

ग्रामों में पेयजल संकट की अग्रिम पहचान, जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता और शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

बिलासपुर, 24 फरवरी 2026। जिले में आगामी ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित टीएल बैठक में पेयजल प्रबंधन, प्रस्तावित जनगणना की तैयारियों, जल संरक्षण कार्यों, न्यायालयीन प्रकरणों और शिकायत निवारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने संभावित पेयजल संकट वाले ग्रामों की अभी से पहचान करने के निर्देश दिए। गत वर्ष जल समस्या वाले क्षेत्रों को विशेष निगरानी में रखने और आवश्यकता पड़ने पर टैंकर के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर सिम्प्लेक्स टैंक स्थापित कर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए करने पर भी जोर दिया गया।
जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शुद्धता, गोपनीयता और गुणवत्ता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना नीति निर्माण और विकास योजनाओं का आधार है। प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को प्रगणक और सुपरवाइजर की जिम्मेदारी दी जाएगी तथा नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई।
कलेक्टर ने जी-रामजी योजना के तहत जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृत करने के निर्देश दिए। तालाबों की खुदाई से निकली मिट्टी को सड़क निर्माण में उपयोग करने तथा विद्यालयों में निर्माणाधीन शौचालयों को 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में शासकीय सामग्री की खरीदी में भंडार क्रय नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया गया। विधानसभा सत्र को देखते हुए विभागों को प्रश्नों के तथ्यपरक और समयबद्ध उत्तर प्रस्तुत करने, हाईकोर्ट में लंबित प्रकरणों और जनहित याचिकाओं का जवाब समयसीमा में दाखिल करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आईगॉट प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा गया। मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *