नए बजट से शहर से गांव तक विकास को मिलेगी नई रफ्तार – अरुण साव

नए बजट से शहर से गांव तक विकास को मिलेगी नई रफ्तार – अरुण साव

विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में निर्णायक कदम, हर वर्ग के लिए विशेष प्रावधान


बिलासपुर, 24 फरवरी 2026। अरुण साव ने विधानसभा में प्रस्तुत राज्य सरकार के तीसरे बजट को छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट विष्णु देव साय सरकार के संकल्पों के अनुरूप तैयार किया गया है, जो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव रखेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सरकार जिस उद्देश्य और प्रतिबद्धता के साथ सत्ता में आई है, यह बजट उसी सोच को साकार करता है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ को हमने बनाया है और हम ही इसे संवारेंगे।” बजट में राज्य के हर क्षेत्र और हर वर्ग—युवा, किसान, महिला, व्यापारी एवं आम नागरिक—को ध्यान में रखकर व्यापक प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में कई नई और नवाचारी योजनाओं को शामिल किया गया है। शहरी क्षेत्रों को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना’ का प्रावधान किया गया है। वहीं सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ और गतिशील बनाने हेतु लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ‘द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना’ को शामिल किया गया है। इन योजनाओं से प्रदेश में शहरी विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।
श्री साव ने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान करेगा और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सरकार आने वाले वर्षों में विकास की रफ्तार को और तेज करेगी। यह बजट छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस और निर्णायक कदम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *