मुंगेली में गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, सड़क पर भटक रहे गौवंश को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुंगेली में गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, सड़क पर भटक रहे गौवंश को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर/मुंगेली।
गोवंश संरक्षण एवं गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय हिंदू राष्ट्र निर्माण सेना द्वारा संचालित विश्व हिंदू सेवा दल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले की समस्त गोचर भूमि का सर्वे कर विधिवत चिन्हांकन, अवैध कब्जों को हटाने तथा गौवंश संरक्षण हेतु ठोस एवं दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाने की मांग की गई है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत सरगांव क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर भटकते नजर आते हैं। इससे लगातार सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा गौवंश की असामयिक मृत्यु का खतरा भी बढ़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गोचर भूमि पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण के कारण मवेशियों के लिए पर्याप्त चरागाह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे वे सड़कों की ओर रुख कर रहे हैं। संस्था ने विशेष रूप से सरगांव क्षेत्र की गोचर भूमि पर अब्दुल मन्नान खान द्वारा कथित रूप से किए गए अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
प्रमुख मांगें
जिले की समस्त गोचर भूमि का सर्वे कर विधिवत चिन्हांकन किया जाए।
गोचर भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।
गोवंश संरक्षण हेतु ठोस एवं दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाई जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं मुख्य मार्गों पर भटक रहे गौवंश की सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाएं।
दोषियों के विरुद्ध राजस्व एवं अन्य प्रासंगिक अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाए।
संस्था ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से द्वेष रखना नहीं, बल्कि गोवंश संरक्षण एवं शासन द्वारा गोचर हेतु आरक्षित भूमि का जनहित में समुचित उपयोग सुनिश्चित करना है।
इस अभियान में विश्व मानव परमार्थ ट्रस्ट, विश्व महालक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह सहित जिले एवं राज्य की विभिन्न गौसेवा से जुड़ी सामाजिक संस्थाओं से सहयोग की अपील की गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त हो जाती है तो गौवंश को पर्याप्त चारा उपलब्ध होगा, किसानों की फसलों को नुकसान नहीं होगा तथा सड़कों पर भटकने से होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
संस्था ने प्रशासन से इस गंभीर विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *