केन्द्रीय दल ने परखी फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की जमीनी हकीकत

केन्द्रीय दल ने परखी फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की जमीनी हकीकत

सामूहिक प्रयासों से मिलेगा फाइलेरिया पर विजय, एमडीए अभियान की प्रगति पर संतोष


बिलासपुर, 19 फरवरी 2026।
बिलासपुर जिले में संचालित राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का निरीक्षण करने भारत सरकार, नई दिल्ली से पहुंचे केंद्रीय दल ने स्वास्थ्य संस्थानों एवं ग्रामों का भ्रमण कर अभियान की जमीनी हकीकत परखी। दल ने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित समय में हासिल किया जा सकेगा।
10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले में चल रहे एमडीए अभियान के तहत डीईसी, एलबेंडाजोल और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन बूथ स्तर के साथ-साथ घर-घर जाकर कराया जा रहा है। प्रथम निरीक्षण दल में डॉ. सुदर्शन मंडल (डीडीजी), डॉ. जितेन्द्र, डॉ. रंजन, डॉ. चिन्मय दास (राज्य सलाहकार) तथा Project Concern International के प्रतिनिधि मुमताज शामिल रहे। दल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिल्हा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चकरभाटा, उप स्वास्थ्य केन्द्र नयापारा और ग्राम रहांगी का दौरा किया।
द्वितीय दल में डॉ. एस. जोगडांड (आरएलटीआरआई) और विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. मनोज सिंह शामिल रहे। उन्होंने विकासखण्ड मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मस्तूरी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मल्हार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने दवा वितरण प्रक्रिया, रजिस्टर संधारण, माइक्रोप्लान, बूथ प्रबंधन तथा समुदाय की सहभागिता का बारीकी से अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने लाभार्थियों से संवाद कर दवा सेवन, संभावित दुष्प्रभाव और जागरूकता स्तर की जानकारी भी ली।
इसके पश्चात दल ने श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) के डीन डॉ. रमणेश मुर्ति से भेंट कर सीईएस की तैयारियों पर चर्चा की तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। केंद्रीय दल ने अभियान के प्रभावी संचालन की सराहना करते हुए शेष अवधि में शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दल ने घर-घर भ्रमण में छूटे व्यक्तियों तक पहुंच बनाने, निगरानी तंत्र को मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी.के. वैष्णव, वीबीडी सलाहकार श्रीमती कृष्णा कुमारी, डब्ल्यूएचओ से डॉ. स्नेहाश्री, पीसीआई से आदित्य शर्मा और अनुषा मुरली सहित मलेरिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *