बिलासपुर में ‘दो दिवसीय स्वरोजगार प्रोत्साहन मेला’ का शुभारंभ, युवाओं को मिला उद्यमिता का मार्गदर्शन

बिलासपुर में ‘दो दिवसीय स्वरोजगार प्रोत्साहन मेला’ का शुभारंभ, युवाओं को मिला उद्यमिता का मार्गदर्शन

विधायक सुशांत शुक्ला ने किया शुभारंभ, स्वरोजगार योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

बिलासपुर, 19 फरवरी 2026। स्थानीय देवकीनंदन दीक्षित ऑडिटोरियम में आज दो दिवसीय स्वरोजगार प्रोत्साहन मेला का शुभारंभ किया गया। विधायक सुशांत शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मेले का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बिलासपुर द्वारा किया गया है।
मेले का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा संबंधित विभागों और भागीदारों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में शासन की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, मार्केटिंग रणनीति, लाइसेंस प्रक्रिया सहित व्यवसाय स्थापना के आवश्यक पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और शासन युवाओं को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बिलासपुर के मुख्य महाप्रबंधक सी.आर. टेकाम ने स्वागत उद्बोधन में हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के प्रतिनिधि हरीश केडिया ने उद्योग-व्यवसाय स्थापना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। बीएनआई के कार्यपालक संचालक डॉ. किरणपाल चावला ने नेटवर्किंग और व्यवसाय विस्तार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बीएनआई के प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, एमएसएमई विभाग के अरविंद तिवारी एवं शरद सक्सेना सहित जिला उद्योग संघ बिलासपुर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मेले के प्रथम दिवस में बड़ी संख्या में युवाओं और संभावित उद्यमियों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
आयोजन के माध्यम से युवाओं में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता और उत्साह का संचार हुआ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *