पीएम सूर्यघर योजना में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने दिए निर्देश

पीएम सूर्यघर योजना में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने दिए निर्देश

पीएम सूर्यघर योजना में लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने दिए निर्देश
योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सुशासन का आधार : कलेक्टर


मुंगेली, 16 फरवरी 2026।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सुशासन का आधार है और प्रत्येक अधिकारी को जवाबदेही एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इसे आम नागरिकों को सौर ऊर्जा से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा अन्य जिलों के बेहतर प्रदर्शन का तुलनात्मक अध्ययन कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही सीएसपीडीसीएल अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना, टेक होम राशन (टीएचआर) सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ पहुंचाने, योजनावार प्रगति पत्रक तैयार करने और नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर लक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *