मुंगेली की सुप्रिया सिंह बनीं लेफ्टिनेंट, सीडीएस में ऑल इंडिया चौथी रैंक से बढ़ाया जिले का मान

मुंगेली की सुप्रिया सिंह बनीं लेफ्टिनेंट, सीडीएस में ऑल इंडिया चौथी रैंक से बढ़ाया जिले का मान

मुंगेली, 16 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया सिंह श्रीनेत ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (Combined Defence Services Examination) में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ सुप्रिया भारतीय सेना (Indian Army) में लेफ्टिनेंट बनी हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुंगेली कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कलेक्टोरेट कार्यालय में सुप्रिया से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। कलेक्टर ने उपहार स्वरूप टैब भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पहार भेंट कर मुंह मीठा कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने कहा कि सीडीएस जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धी परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त करना न केवल सुप्रिया और उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही इस प्रकार की सफलता संभव है, और सुप्रिया ने यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने जिले के युवाओं से सुप्रिया की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
सुप्रिया सिंह ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुंगेली में तथा उच्च शिक्षा बिलासपुर के महाविद्यालय में हुई है। बचपन से ही उनके मन में देश सेवा का संकल्प था, जिसने उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया।
सुप्रिया की इस ऐतिहासिक सफलता से जिलेभर में हर्ष का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *