टीएल बैठक में कलेक्टर की सख्ती: लक्ष्य हासिल करने अधिकारियों को दिए दौरे बढ़ाने के निर्देश, कार्ड से मिलेगा पीडीएस राशन

टीएल बैठक में कलेक्टर की सख्ती: लक्ष्य हासिल करने अधिकारियों को दिए दौरे बढ़ाने के निर्देश, कार्ड से मिलेगा पीडीएस राशन

बिलासपुर, 3 फरवरी 2026। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक टीएल बैठक में राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का अधिक से अधिक दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान योजनाओं में आ रही बाधाओं की पहचान कर विशेष कार्ययोजना बनाकर वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले लक्ष्य हासिल किया जाए। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी एनआईसी के निर्माण सॉफ्टवेयर में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने वन पट्टाधारी किसानों की मृत्यु के मामलों में निकट वारिसों के नाम पट्टे का नामांतरण करने के निर्देश वन विभाग को दिए।
बैठक में स्कूलों में निर्माणाधीन 508 गर्ल्स टॉयलेट का कार्य अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से पहले पूरा करने को कहा गया। कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर बिजली योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए बताया कि जिले में अब तक केवल 2100 प्लांट स्थापित हुए हैं, जबकि करीब 6 हजार आवेदन लंबित हैं। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी गांवों और घरों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी हैंडपंपों की मरम्मत और जल स्रोतों की सफाई करने को कहा।
कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी कार्यालयों में आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जो कार्यालय एक सप्ताह के भीतर इस व्यवस्था से नहीं जुड़ेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 30 प्रतिशत स्कूलों में ई-हाजिरी लागू है।
बैठक में विधानसभा के बजट सत्र (23 फरवरी) को देखते हुए सभी विभागों को समय पर जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं नान के जिला अधिकारी ने जानकारी दी कि ग्रेन एटीएम योजना के तहत बिलासपुर जिले को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। इस योजना के तहत हितग्राही बैंक एटीएम कार्ड की तर्ज पर कार्ड का उपयोग कर पीडीएस राशन प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर ने इसके लिए निर्धारित मापदंड के अनुरूप एक राशन दुकान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा फाइलेरिया मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों को दवा का सेवन कराया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *