जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर, 03 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर आवेदन प्राप्त किए और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लगभग 150 लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम टेकर की श्रीमती चंद्रिका बाई साहू ने विधवा पेंशन दो वर्षों से बंद होने की शिकायत की। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम सिंघरी की मालती बाई ने पीएम आवास योजना की तीसरी किश्त नहीं मिलने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने मामले की जांच जिला पंचायत सीईओ को सौंप दी।
ग्राम तेंदुआ के ग्रामीणों श्री मनहरण कैवर्त, श्री श्यामलाल सहित अन्य लोगों ने तालाब मार्ग में अवैध निर्माण की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया।
ओमप्रकाश सोनी ने पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित पैतृक भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग रखी, जिसे कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपा।
मदनपुर निवासी बसंती बाई देवार ने आगजनी से हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। कलेक्टर ने मामले की जांच एसडीओ बिलासपुर को सौंप दी।
दिव्यांग रवि निषाद ने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन दिलाने की मांग की, जिस पर समाज कल्याण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं सेलर निवासी राजेश धुरी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी, जिसे श्रम विभाग को जांच के लिए भेजा गया।
शहर की श्रीमती शांति परदेशी ने नामांतरण आदेश के बाद भी बी-1 प्रविष्टि नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ बिलासपुर को आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *