मुंगेली में 5.5 करोड़ के धान घोटाले का खुलासा, गणेश मिनरल्स राइस मिल सील

मुंगेली में 5.5 करोड़ के धान घोटाले का खुलासा, गणेश मिनरल्स राइस मिल सील

मुंगेली | 20 जनवरी 2026
मुंगेली जिले में धान उपार्जन और भंडारण में बड़ी हेराफेरी का मामला सामने आया है। सरगांव-पेंड्री स्थित गणेश मिनरल्स राइस मिल में लगभग 5.5 करोड़ रुपये के धान की गड़बड़ी पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने राइस मिल को सील कर दिया है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर राज्य स्तर से प्राप्त सूचना के आधार पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और सहकारिता विभाग के संयुक्त दल ने राइस मिल में आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्वाइंटर्स के माध्यम से धान की भौतिक जांच कराई गई।
जांच में सामने आया कि मिल प्रबंधन द्वारा ऑनलाइन रिपोर्ट में 2 लाख 41 हजार 896 कट्टी धान का भंडारण दर्ज किया गया था, जबकि मौके पर किए गए भौतिक सत्यापन में केवल 1 लाख 97 हजार 458 कट्टी धान ही पाया गया। यानी करीब 44 हजार 438 कट्टी धान (17 हजार 775.2 क्विंटल) कम मिला।
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मिल प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। वहीं, जैसे ही जांच दल मिल परिसर पहुंचा, कर्मचारियों ने कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इस संदेहास्पद स्थिति को देखते हुए मौके पर ही सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया गया।
धान की इतनी बड़ी कमी को लेकर जब मिल के मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ की गई, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। प्रशासन का मानना है कि यह मामला बड़े स्तर पर धान की हेराफेरी की ओर इशारा करता है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार गायब धान की कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर गणेश मिनरल्स राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और आगे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। कलेक्टर ने साफ कहा है कि धान उपार्जन और भंडारण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार सरगांव अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय, खाद्य निरीक्षक दीपाली सिंह, मंडी उप निरीक्षक शुभम पैकरा और पटवारी रमेश कौशिक शामिल रहे।
अब पूरे जिले में इस कार्रवाई के बाद अन्य राइस मिलों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *