महासमुंद साहू संघ शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव

महासमुंद साहू संघ शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव

कर्मा भवन में शेड निर्माण हेतु 25 लाख रुपये देने की घोषणा
बिलासपुर | 10 जनवरी 2026 | न्यू जी स्क्रिप्ट न्यूज़
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज महासमुंद जिला एवं तहसील साहू संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महासमुंद के बीटीआई रोड स्थित कर्मा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने साहू समाज को एक संगठित, अनुशासित एवं प्रगतिशील समाज बताया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि साहू समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली रहा है और इसे और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चुनाव होना समाज की स्वस्थ और सकारात्मक परंपरा का प्रतीक है। महासमुंद जिला कृषि, रोजगार और संसाधनों के क्षेत्र में समृद्ध है और यहां किए जा रहे कार्य अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कर्मा भवन में शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री संदीप साहू एवं श्री योगेश्वर राजू सिन्हा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह को अति विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने पदाधिकारियों से व्यवहार में नम्रता रखने तथा नशा, दिखावा और अन्य सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए ठोस पहल करने का आह्वान किया।
साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक बुराइयों को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा।
महासमुंद जिला साहू समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री ढालूराम साहू ने मां कर्मा एवं राजिम भक्तिन माता का स्मरण करते हुए कहा कि वे शिक्षा को बढ़ावा देने, संगठन में पारदर्शिता लाने तथा सामाजिक समरसता स्थापित करने के तीन प्रमुख संकल्पों के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्री चंदूलाल साहू, श्री चुन्नीलाल साहू, साहू समाज के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्री विपिन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू, श्री येतराम साहू सहित साहू समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *