छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा का मुंगेली दौरा, पीडीएस से लेकर पोषण योजनाओं की सख्त समीक्षा

छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा का मुंगेली दौरा, पीडीएस से लेकर पोषण योजनाओं की सख्त समीक्षा

मुंगेली | 22 दिसम्बर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा ने सोमवार को आयोग के दल के साथ मुंगेली जिले का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में पीडीएस, मध्यान्ह भोजन योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण योजनाएं तथा आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम-छात्रावासों की खाद्यान्न आधारित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के अपर कलेक्टर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खाद्यान्न वितरण में अनियमितता पर सख्त रुख
समीक्षा बैठक में अध्यक्ष श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान जिन उचित मूल्य दुकानों में स्टॉक की कमी पाई जाए, वहां दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी दुकानों में APL एवं BPL चावल को पृथक स्थान पर सुरक्षित रखने, खाद्यान्न के नमूने अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
मध्यान्ह भोजन और पोषण आहार पर विशेष फोकस
शासकीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत विभागीय मानकों के अनुरूप भोजन प्रदाय करने, उसकी मात्रा के सही मूल्यांकन हेतु नाप-तौल के उपकरण रखने के निर्देश दिए गए।
स्व सहायता समूहों द्वारा भोजन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता एवं मात्रा की निरंतर निगरानी के लिए स्कूल प्रशासन एवं निगरानी समिति को जिम्मेदारी सौंपी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण ट्रैकर का सही उपयोग, आंकड़ों का भौतिक सत्यापन, तथा सभी सुपरवाइजरों को अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
आश्रम-छात्रावासों में अधीक्षक का नियमित निवास अनिवार्य
आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम एवं छात्रावासों में अधीक्षक का नियमित निवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को शिकायत एवं सुझाव हेतु कॉल सेंटर नंबर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया।
मैदानी निरीक्षण में सामने आई गंभीर अनियमितताएं
बैठक के पूर्व खाद्य आयोग अध्यक्ष ने जिले में शासन द्वारा प्रदाय भोजन एवं राशन की गुणवत्ता की जांच हेतु मैदानी निरीक्षण किया।
मुंगेली शहर की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401002007, सहकारी विपणन संस्था मर्यादित, तिलक वार्ड (17) में 277 क्विंटल चावल की कमी पाई गई। निरीक्षण के समय दुकान बंद थी एवं सूचना बोर्ड भी नहीं लगा था।
➤ दुकान का आबंटन निरस्त करते हुए संचालनकर्ता एजेसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
वार्ड क्रमांक 18 में शारदा महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान में पूर्व एजेसी द्वारा 162 क्विंटल चावल के गबन की वसूली एवं दोषी के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
अन्य निरीक्षित दुकानों में APL-BPL स्टॉक पृथक रखने और खाद्यान्न सैंपल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी और विद्यालयों का निरीक्षण
चारभांटा ग्राम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 के निरीक्षण के दौरान फोर्टिफाइड चावल की उपयोगिता एवं सही पकाने की विधि की जानकारी दी गई। दाल की गुणवत्ता में सुधार तथा पात्र बच्चों को नियमानुसार पूरक पोषण प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों की स्थिति एवं योजनाओं की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा साझा की गई।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर खाद्य आयोग के सदस्य सचिव श्री राजीव जायसवाल, अपर कलेक्टर द्वय जी.सी. यादव एवं मिष्ठा पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी डहीरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास मंजुला शर्मा, सहायक संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग बाँधे, जिला खाद्य अधिकारी एच.के. डडसेना तथा खाद्य विभाग से डॉ. सूरज दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *