35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को रजत पदक, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को दी बधाई

35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को रजत पदक, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को दी बधाई

उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से की मुलाकात, प्रदान की प्रोत्साहन राशि

बिलासपुर, 5 दिसम्बर 2025। हरियाणा में आयोजित 35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली टीम के खिलाड़ियों ने आज उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की।
श्री साव ने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि “साय सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिये प्रतिबद्ध है। इसी का सकारात्मक परिणाम आज राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है।”

खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए श्री साव ने उनके अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतने का संकल्प दिलाते हुए सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी वितरित की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल, कोच श्री आशीष मिश्रा, मैनेजर श्री पीतांबर सिंह पोर्ते सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने टीम की तैयारी, कैंप और खिलाड़ियों के प्रदर्शन से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।

अंडर-16 राष्ट्रीय कबड्डी स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की दमदार उपस्थिति

भारतीय कबड्डी संघ के तत्वावधान में हरियाणा राज्य कबड्डी संघ द्वारा 27 से 30 नवम्बर तक आयोजित अंडर-16 सब-जूनियर नेशनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
पूल-एफ में शामिल टीम ने लीग मैचों में पांडिचेरी, विदर्भ और तमिलनाडु को बड़े अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में साई की टीम को हराया, जबकि सेमीफाइनल में राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में कड़े संघर्ष के बावजूद टीम को हरियाणा से पराजय झेलनी पड़ी और छत्तीसगढ़ ने रजत पदक अपने नाम किया।

टीम की तैयारी के लिए बालकों का कोचिंग कैंप बिलासपुर और बालिकाओं का कैंप पेंड्रा में आयोजित किया गया था। इन कैंपों का सकारात्मक प्रभाव खिलाड़ियों के प्रदर्शन में स्पष्ट नजर आया।

इन खिलाड़ियों ने दिखाया बेहतरीन खेल

चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के नवीन साहू और शिवा खैरवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार टीम को बढ़त दिलाई।
इनके अलावा टीम के अन्य खिलाड़ी—
भूषण पटेल, बिरजू चौहान, निखिल कुमार, मौलिक कुमार, सुंदरपाल सिंह, प्रेमलाल, सागर देवेंद्र, तुषार देवांगन, श्रीराम मरावी, कुमार जंघेल, दीपक कोल, भुवन भास्कर जगत और विमलेश
ने भी उत्कृष्ट कौशल और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *