लद्दाख में लोकतांत्रिक संघर्ष के समर्थन में सर्वआदिवासी समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन – सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग

बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2025।
सर्वआदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने आज कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन किया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने पर्यावरणविद और जननेता सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग की है।

इस अवसर पर सर्वआदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता मनोज परवी, जिला अध्यक्ष शिवनारायण चेचाम, चंद्रशेखर ध्रुव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन ने कहा कि लद्दाख में हो रहे अहिंसक जन आंदोलन पर दमनात्मक कार्रवाई लोकतंत्र के मूल भाव के विरुद्ध है। केंद्र सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में लद्दाख को छठवीं अनुसूची में शामिल करने का वादा किया था, परंतु अब उस वादे से मुकरकर आंदोलनकारियों पर एनएसए जैसे कठोर कानून लगाए जा रहे हैं, जो निंदनीय है।

नेताओं ने कहा कि लद्दाख में हिंसा और गोलीबारी की घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा आंदोलनकारियों पर लगाए गए झूठे आरोप तुरंत वापस लिए जाएँ। लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देना और उसे छठवीं अनुसूची में शामिल करना वहाँ की जनजातीय जनसंख्या के संवैधानिक अधिकारों के अनुरूप है।

सर्वआदिवासी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 12 नवंबर 2025 तक केंद्र सरकार इन न्यायसंगत मांगों पर संवेदनशीलता से निर्णय नहीं लेती, तो 15 नवंबर 2025 को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर भारत बंद कर राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संगठन ने स्पष्ट कहा कि इस आंदोलन से उत्पन्न किसी भी परिस्थिति की पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *