थानेश्वर साहू बोले – भाजपा की राजनीति साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण पर आधारित, बीरनपुर की सीबीआई रिपोर्ट ने खोल दी सच्चाई

कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक ईश्वर साहू से मांगा इस्तीफा

बिलासपुर, 05 अक्टूबर 2025।
पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं लोरमी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी थानेश्वर साहू ने आज कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रेसवार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय, ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रवक्ता ऋषि पांडेय तथा ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन उपस्थित रहे।

प्रेस को संबोधित करते हुए साहू ने कहा कि भाजपा की राजनीति पूरी तरह साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण पर आधारित है। उन्हें सामाजिक सौहार्द और भाईचारे से कोई लेना-देना नहीं है। इसका ताज़ा उदाहरण बीरनपुर घटना की सीबीआई रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है।

साहू ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले साजा विधानसभा के गांव बीरनपुर में दो बच्चों के बीच हुए विवाद में विधायक ईश्वर साहू के पुत्र भुवनेश्वर साहू की हत्या हो गई थी। कांग्रेस सरकार ने उस समय दोषियों पर कार्यवाही की थी, लेकिन भाजपा ने राजनीतिक लाभ उठाने के लिए घटना को साम्प्रदायिक रंग दे दिया। इसके कारण उस क्षेत्र में आपसी सौहार्द को गहरी चोट पहुंची और कांग्रेस को नुकसान झेलना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बीरनपुर जाकर भड़काऊ भाषण दिए, जिससे माहौल और बिगड़ गया। भाजपा नेताओं ने इस घटना का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए इसे बार-बार अपने भाषणों में उछाला। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी बिना तथ्यों की जानकारी लिए बीरनपुर घटना को देशव्यापी मुद्दा बना दिया।

साहू ने कहा कि मृतक भुवनेश्वर के पिता विधायक ईश्वर साहू ने अंजोर यदु पर हत्या का आरोप लगाया था, जबकि सीबीआई की रिपोर्ट में अंजोर यदु का नाम तक नहीं है।
उन्होंने कहा —

> “सीबीआई की रिपोर्ट साफ कहती है कि घटना में कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं था, यह दो बच्चों के बीच का मामूली झगड़ा था जो दुर्भाग्यवश हिंसक रूप ले लिया।”

साहू ने कहा कि रिपोर्ट के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक ईश्वर साहू ने नैतिक रूप से अपने पद पर बने रहने का अधिकार खो दिया है।
कांग्रेस पार्टी दोनों नेताओं से तत्काल इस्तीफे की मांग करती है। साथ ही प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से भी गलत बयानबाजी के लिए देश से माफी मांगने की अपेक्षा करती है।

– ऋषि पांडेय, प्रवक्ता (शहर कांग्रेस)
दिनांक : 05 अक्टूबर 2025

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *